बनारस में शातिर उचक्कों का नया गैंग सक्रिय: पता पूछने के बहाने किया बेहोश, फिर लाखों के सोने के आभूषण लेकर फरार हुए बदमाश
नीरज सिंह, वाराणसी

~ वाराणसी में नशीला पदार्थ सुंघाकर लाखों के सोने के आभूषण लूटने का आरोप, शिवपुर निवासी ने दर्ज कराई शिकायत
~ पता पूछने के बहाने बदमाशों ने बुजुर्ग को किया बेहोश, होश आने पर गायब मिले सोने की चेन, ब्रेसलेट, अंगूठियां और रुद्राक्ष माला
वाराणसी। कैन्ट थानांतर्गत अर्दली बाजार चौकी क्षेत्र के भोजूबीर में एक नए तरह से लूट की घटना सामने आयी है। बताया जा रहा है कि शिवपुर थाना क्षेत्र के खुशहाल नगर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने अपने पिता के साथ नशीला पदार्थ सुंघाकर लाखों रुपये के सोने के आभूषण लूट लेने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:45 बजे दिनेश सिंह अपने पेट्रोल पंप से टहलने के लिए भोजूबीर से महावीर मंदिर की ओर निकले थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उनसे पता पूछने के बहाने बातचीत की और कथित रूप से उन्हें कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह अचेत हो गए।
तहरीर के अनुसार, अचेत होने के बाद बदमाश उन्हें एक वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। आरोप है कि रास्ते में बदमाशों ने उनके गले और हाथों में पहने सभी कीमती आभूषण उतरवा लिए। इनमें लगभग 40 ग्राम की सोने की चेन, 20–25 ग्राम सोने से जड़ी रुद्राक्ष माला, करीब 36 ग्राम का सोने का ब्रेसलेट तथा लगभग 40 ग्राम वजन की चार सोने की अंगूठियां शामिल हैं।
शिकायत के मुताबिक, बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद दिनेश सिंह को पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित एक गुमटी के निकट छोड़कर फरार हो गए। कुछ समय बाद होश आने पर उन्होंने अपने पुत्र अनुप कुमार सिंह को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को मामले से अवगत कराया।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से मामले में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की पहचान करते हुए उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा लूटे गए आभूषण बरामद करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।




