Jaunpur

जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में डीएम सैमुअल पाल एन. सख्त, तय समय में हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के दिए निर्देश

राजकुमार बेनवंशी, जौनपुर

जौनपुर, 30 जुलाई। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न गांवों में संचालित पेयजल परियोजनाओं, पाइपलाइन बिछाने, ओवरहेड टैंक निर्माण, घरेलू नल कनेक्शन, रोड रेस्टोरेशन तथा कार्यों की गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने या अन्य निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, वहां क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और साफ-सफाई प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

समीक्षा के दौरान भूमि विवाद और विद्युत आपूर्ति जैसी बाधाओं पर भी चर्चा हुई। डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर इन समस्याओं का शीघ्र समाधान निकालने के निर्देश दिए। साथ ही जिन परियोजनाओं की प्रगति धीमी है, वहां अतिरिक्त श्रमिकों की तैनाती और आवश्यक मशीनरी उपलब्ध कराकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर परियोजनाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही शासन को समय-समय पर अद्यतन प्रगति रिपोर्ट भेजने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में पाइपलाइन को क्षति पहुंचाने वाली संस्थाओं एवं एजेंसियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर सुधारने का महत्वपूर्ण अभियान है। इसलिए सभी विभाग और कार्यदायी संस्थाएं टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक के दौरान ‘जल सारथी’ मोबाइल ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से ग्रामीण नागरिक पेयजल योजनाओं की रीयल-टाइम जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ भी आसानी से उठा सकते हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button