वाराणसी में 29वीं अंतर वाहिनी हॉकी प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ, उद्घाटन मुकाबले में 34वीं वाहिनी पीएसी ने दर्ज की शानदार जीत
धनेश्वर साहनी, संवाददाता

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) स्थित एस्ट्रो टर्फ हॉकी ग्राउंड पर शुक्रवार को 29वीं अंतर वाहिनी हॉकी प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन आयोजन सचिव एवं मुख्य अतिथि 36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर के सेनानायक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत उनके आगमन पर उप सेनानायक द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने सभी टीम मैनेजरों से परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उद्घाटन समारोह में सभी टीमों ने आकर्षक मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्ष प्रतियोगिता की शपथ ली। अपने संबोधन में डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने सभी टीमों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल आपसी सौहार्द, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है और उन्हें खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने सपोर्ट स्टाफ, बैंड टीम और निर्णायक मंडल की भी सराहना करते हुए कहा कि रेफरी एवं निर्णायकों का निर्णय सर्वोपरि होगा और सभी खिलाड़ियों को उसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने हॉकी खेल के महत्व पर भी प्रकाश डाला और अनुशासनपूर्वक प्रतियोगिता संपन्न कराने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में 12वीं वाहिनी पीएसी, फतेहपुर और 34वीं वाहिनी पीएसी, वाराणसी के बीच रोमांचक मैच खेला गया। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 34वीं वाहिनी पीएसी ने 5-1 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का विजयी आगाज़ किया। मैच के बाद मुख्य अतिथि ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में पूर्वी जोन की कुल 10 टीमें—04वीं, 12वीं, 20वीं, 33वीं, 34वीं, 36वीं, 37वीं, 39वीं, 42वीं और 48वीं वाहिनी पीएसी—भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का समापन 2 अगस्त 2026 को प्रस्तावित है। मैचों के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरे मैदान में खेल का रोमांच देखने को मिला।
इस अवसर पर उप सेनानायक प्रमोद कुमार यादव, सहायक सेनानायक राजेश कुमार, शिविरपाल कैलाश नाथ यादव, सूबेदार मेजर सुरेंद्र कुमार, वाहिनी खेल अधिकारी संजय सिंह, एसक्यूएम राम सिंह, पीसी अंकित कुमार सिंह सहित सभी टीमों के कोच, टीम मैनेजर, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।




