Chandauli

चन्दौली में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान कार्यशाला आयोजित, युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं की दी गई जानकारी

चंदन सिंह, चन्दौली

चंदौली/बरहनी। जनपद चंदौली के विकास खंड बरहनी परिसर में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को स्वरोजगार एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा। कार्यशाला में उपस्थित युवाओं को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

 

 

अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 1468 लाभार्थियों को योजना से लाभान्वित किया गया है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बैंकों को 668 आवेदन भेजे गए, जिनमें से 118 आवेदन स्वीकृत हुए हैं तथा 87 लाभार्थियों को ऋण वितरण भी किया जा चुका है।

 

 

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा 8 उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। आवेदन हेतु आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, पैन कार्ड, नोटरी युक्त 10 रुपये का स्टाम्प तथा किसी मान्यता प्राप्त संस्था से प्राप्त कौशल प्रशिक्षण प्रमाण पत्र आवश्यक बताए गए।

 

 

अधिकारियों ने युवाओं को यह भी बताया कि योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है और इच्छुक अभ्यर्थी msme.up.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी बरहनी शरद चंद्र शुक्ल, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) प्रेमचंद भारती, अपर शासकीय अधिकारी जोगेंद्र कुमार सिंह, वीरेंद्र विश्वकर्मा (सीएम युवा फेलो) सहित अन्य कर्मचारी एवं ग्रामीण क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button