Crime

बलिया में रूह कंपा देने वाली वारदात: शक में पिता ने मासूम बेटे की कर दी हत्या!

तीन साल से अवैध संबंधों के शक में झुलस रहे रिश्ते ने ली मासूम की जान, पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार

रिपोर्ट: राहुल पटेल।

 

बलिया। यूपी के बलिया जनपद के बैरिया थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। पारिवारिक विवाद के बाद एक पिता ने नशे की हालत में अपने ही मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है।

बताया जा रहा है कि सुरेमनपुर निवासी रूपेश तिवारी ने शनिवार देर शाम किसी बात को लेकर अपनी पत्नी रीना तिवारी की लोहे की रॉड और डंडे से जमकर पिटाई कर दी। डर के कारण रीना और उसके ससुर कमलेश तिवारी 1 वर्षीय बेटे कीनू और 3 वर्षीय बेटी अनन्या को घर पर छोड़कर पास के दरवाजे की ओर भाग गए।

इसी बीच, नशे में धुत रूपेश ने अपने एक वर्षीय मासूम बेटे कीनू पर धारदार हथियार से हमला कर उसका जबड़ा फाड़ दिया। जब पत्नी और परिजन लौटे तो बच्चा खून से लथपथ पड़ा मिला। आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मासूम की रास्ते में ही मौत हो गई।

पीड़िता रीना तिवारी का आरोप है कि उसका पति पिछले तीन वर्षों से अपने पिता कमलेश तिवारी के साथ उसके अवैध संबंधों का शक करता था, जिसके कारण वह अक्सर मारपीट और गाली-गलौज करता था। रीना ने बताया कि साल 2023 में भी उसके एक नवजात बच्चे की मौत पति की लापरवाही और प्रताड़ना के कारण हुई थी।

पुलिस ने मृत बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति रूपेश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।

क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

रीना तिवारी ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा — “मेरे पहले बच्चे को उसने दूध के बिना तड़प-तड़प कर मर जाने दिया, और अब दूसरे बच्चे को खुद मार डाला। मैं बस इंसाफ चाहती हूँ।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button