Jaunpur

डीएम कार्यालय के बाहर आत्मदाह का प्रयास — अस्पताल में अवैध गर्भपात का आरोप लगाकर प्रशासन के खिलाफ फूटा आक्रोश

जौनपुर में बड़ा हंगामा, पुलिस की तत्परता से बची व्यक्ति की जान, जांच में जुटे अधिकारी

  • खेतासराय निवासी व्यक्ति ने डीएम कार्यालय के सामने किया आत्मदाह का प्रयास
  • अस्पताल पर नाबालिग बच्चियों के अवैध गर्भपात कराने का आरोप
  • पुलिस की तत्परता से बची व्यक्ति की जान
  • जांच के आदेश, दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी

 

राजकुमार बेनवंशी, जौनपुर

 

जौनपुर। जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब खेतासराय थाना क्षेत्र के रुधौली गांव निवासी जंग बहादुर राठौर ने डीएम कार्यालय के ठीक सामने अपने ऊपर तेल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और राठौर को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ में जंग बहादुर राठौर ने रसूलाबाद स्थित प्रेमा हॉस्पिटल पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि इस अस्पताल में नाबालिग बच्चियों के अवैध गर्भपात कराए जाते हैं और जब उन्होंने इस अमानवीय कार्य का विरोध किया तो अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

राठौर ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कई बार पुलिस को लिखित शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई न होने से वे बेहद निराश थे। पुलिस की उदासीनता से आक्रोशित होकर उन्होंने डीएम कार्यालय के सामने आत्मदाह का कदम उठाने की ठानी।

घटना की खबर फैलते ही कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने तत्काल परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने बताया कि खेतासराय क्षेत्र का एक व्यक्ति खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बता रहा है। उसने एक अस्पताल पर अवैध गतिविधियों के आरोप लगाए हैं। कार्रवाई न होने की वजह से उसने आत्मदाह का प्रयास किया। फिलहाल मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

  • खेतासराय निवासी व्यक्ति ने डीएम कार्यालय के सामने किया आत्मदाह का प्रयास
  • अस्पताल पर नाबालिग बच्चियों के अवैध गर्भपात कराने का आरोप
  • पुलिस की तत्परता से बची व्यक्ति की जान
  • जांच के आदेश, दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button