Varanasi

कूड़ा बीनते समय महिला को मिले पीली धातु के चार सिक्के, ईमानदारी दिखाकर पुलिस को किए सुपुर्द

शिवपुर के दूधहिया पोखरा क्षेत्र का मामला, पुलिस ने सिक्के कब्जे में लेकर शुरू की जांच; स्थानीय लोगों ने भी महिला के दावे की पुष्टि की

वीरेंद्र, संवाददाता

 

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर स्थित नट बस्ती, दूधहिया पोखरा इलाके में एक महिला की ईमानदारी की मिसाल सामने आई है। कूड़ा बीनने के दौरान महिला को पीली धातु के कुछ सिक्के मिले, जिन्हें उसने अपने पास रखने के बजाय तत्काल पुलिस को सौंप दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सिक्कों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, सूचना पर उपनिरीक्षक विद्यासागर एवं महिला उपनिरीक्षक मानवी शुक्ला टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ में सुनीता, पत्नी बब्लू बनवासी, निवासी दूधहिया पोखरा ने बताया कि वह रोज की तरह कूड़ा बीन रही थी, तभी उसे पीली धातु के कुछ सिक्के मिले। मामले की जानकारी मिलते ही उसने पुलिस को इसकी सूचना दी।

पुलिस के समक्ष महिला ने कुल चार पीली धातु के सिक्के प्रस्तुत किए। इनमें तीन सिक्के एक-एक ग्राम तथा एक सिक्का आधा ग्राम वजन का बताया गया। इसके बाद पुलिस ने महिला के घर की भी तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने भी पुलिस को बताया कि महिला को ये सिक्के कूड़ा बीनते समय ही मिले थे। पुलिस ने सभी सिक्कों को अपने कब्जे में लेकर उनके संबंध में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही सिक्कों की वास्तविक प्रकृति और स्रोत का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button