Ghazipur

पीएम श्री विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को मिलेगा नया आयाम, गाजीपुर के शिक्षकों को मिला डिजिटल लाइब्रेरी संचालन का प्रशिक्षण

10 पीएम श्री विद्यालयों के 20 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण, स्मार्ट क्लास और तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों पर दिया गया विशेष जोर

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

 

 

गाजीपुर। प्रधानमंत्री श्री विद्यालय (PM SHRI) योजना के तहत विद्यालयों में आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में बेसिक शिक्षा विभाग, गाजीपुर द्वारा डिजिटल लाइब्रेरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को डिजिटल शिक्षण संसाधनों के प्रभावी उपयोग के लिए प्रशिक्षित करना तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोचक शिक्षा उपलब्ध कराना रहा।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन बेसिक शिक्षा विभाग के सहयोग से किया गया, जिसमें केडीएस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड एवं आईड्रीम एजुकेशन का विशेष सहयोग रहा। जिले के 10 पीएम श्री विद्यालयों से दो-दो शिक्षकों, कुल 20 शिक्षकों ने प्रशिक्षण में भाग लेकर डिजिटल शिक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

प्रशिक्षण का संचालन आईड्रीम एजुकेशन की ओर से किया गया। इस दौरान शिक्षकों को डिजिटल लाइब्रेरी के संचालन की प्रक्रिया, स्मार्ट कक्षाओं में डिजिटल कंटेंट के प्रभावी उपयोग, ई-लर्निंग टूल्स, विषयवार वीडियो सामग्री तथा गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि डिजिटल संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों की कक्षा में सहभागिता बढ़ाई जा सकती है, जिससे उनकी समझ, रुचि और सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार संभव है।

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने डिजिटल लाइब्रेरी के विभिन्न फीचर्स का व्यावहारिक अभ्यास भी किया। उन्होंने तकनीक आधारित शिक्षण प्रणाली को अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की और इसे नई शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम की ट्रेनिंग दिल्ली से आए प्रशिक्षक जयव्रत दुबे ने प्रदान की। यह प्रशिक्षण बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) गाजीपुर के संरक्षण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मिलिंद कुमार राय (डीसी एमआईएस, गाजीपुर) तथा उमा शंकर यादव (ईएमआईएस प्रभारी, गाजीपुर) की विशेष उपस्थिति रही। अधिकारियों ने शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को विद्यालयों में व्यवहारिक रूप से लागू करने का आह्वान किया, ताकि डिजिटल शिक्षा का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंच सके।

बेसिक शिक्षा विभाग का मानना है कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षकों की तकनीकी दक्षता में वृद्धि होगी और पीएम श्री विद्यालयों में आधुनिक शिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोचक एवं नवाचार आधारित शिक्षा प्राप्त होगी, जो उनके समग्र शैक्षिक विकास में सहायक सिद्ध होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button