Jaunpur

Jaunpur: जलालपुर में पुलिस मुठभेड़, एक बदमाश घायल हालत में गिरफ्तार

फायरिंग कर भाग रहे आरोपी को जवाबी कार्रवाई में लगी गोली, तमंचा-कारतूस बरामद; साथी फरार

राजकुमार बेनवंशी, जौनपुर

जौनपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है, जिसमें एक अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।

जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में जलालपुर पुलिस टीम डिंगुरपुर नहर रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भाऊपुर की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया।

पुलिस के मुताबिक, रुकने के बजाय बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद बदमाश बाइक मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान पीछे बैठा एक आरोपी गिर गया, जिसे पुलिस ने मौके पर दबोच लिया, जबकि बाइक चला रहा दूसरा आरोपी फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित यादव उर्फ मोनू पुत्र ओमप्रकाश, निवासी बहाउद्दीनपुर थाना सरायख्वाजा, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक फायर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस घटना के संबंध में थाना जलालपुर में मु0अ0सं0 198/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार अभियुक्त की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।

इस मुठभेड़ को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मो. शाहनवाज सिद्दिकी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button