सैदपुर में ब्रह्मकुमारी संस्था का चौथा वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया
राजयोग से तनावमुक्त जीवन का संदेश, समाजसेवियों और अधिकारियों ने की भागीदारी

आकाश पाण्डेय, ख़बर भारत, वाराणसी
- दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ
- स्वागत नृत्य और राजयोग पर प्रेरणादायक व्याख्यान
- समाजसेवियों व अधिकारियों ने की सराहना
- संस्था को जमीन दान देने की घोषणा

सैदपुर (गाजीपुर)। प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की सैदपुर शाखा का चौथा वार्षिकोत्सव एवं स्नेह मिलन समारोह रविवार की शाम भव्य तरीके से मनाया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज के तनावपूर्ण जीवन में राजयोग ही मानसिक शांति का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम की शुरुआत सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेज गाजीपुर के प्रबंधक एवं सामाजिक कार्यकर्ता सानंद सिंह और वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानक सदस्य अम्बरीष सिंह भोला ने दीप प्रज्वलन कर की। इस अवसर पर संस्था से जुड़ी बालिका प्रिया ने मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
मुख्य अतिथि सानंद सिंह ने कहा कि ब्रह्मकुमारी संस्था समाज को तनावमुक्त और सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है। यहां की बहनें अपने कठिन तप और सेवाकार्य के माध्यम से लोगों को मानसिक शांति का संदेश दे रही हैं। समाज को इनका समर्थन करना चाहिए।
अम्बरीष सिंह भोला ने कहा कि वे इस संस्था के कई कार्यक्रमों में शामिल हो चुके हैं। यहां की ऊर्जा और वातावरण बेहद सकारात्मक है। उन्होंने कहा कि “ॐ शांति” कहने मात्र से मन में शांति का अनुभव होता है।
मोटिवेशनल एवं राजयोग ट्रेनर तापोशी ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को राजयोग के माध्यम से तनावमुक्त जीवन जीने की कला सिखाना है।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक प्रमुख हीरा यादव ने घोषणा की कि संस्था के कार्य विस्तार हेतु वे एक बिस्वा जमीन अपने स्तर से दान में देंगे।
इस अवसर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रबंधक दीपेंद्र, गाजीपुर प्रभारी निर्मला, सैदपुर उप शाखा प्रभारी स्मिता, विमल स्वरूप, आशु दुबे समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




