चंदौली में पुलिस का मेगा चेकिंग अभियान, एसपी के निर्देश पर सड़क पर उतरी टीमें, कई वाहनों के कटे चालान

चन्दन सिंह, चन्दौली
चंदौली। जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शनिवार सुबह से ही पुलिस ने एक बड़ा वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) आदित्य लांघे के सख्त निर्देशों के बाद जिले के सभी थाना प्रभारी अपनी टीमों के साथ सड़कों पर उतरे और सघन जांच पड़ताल की। यह अभियान विशेष रूप से यातायात माह के तहत चलाया जा रहा है।
नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट, बिना बीमा वाले वाहनों और अवैध रूप से चल रहे डग्गामार चारपहिया वाहनों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। इसके अतिरिक्त, वाहनों पर जातिसूचक शब्द लिखकर चलने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की। इस अभियान का मकसद वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराना है।
सीओ सदर ने संभाला मोर्चा
सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने खुद इस अभियान का नेतृत्व किया और वाहन चालकों को यातायात नियमों का महत्व समझाया उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
सैयदराजा थाना क्षेत्र में जमानिया मोड़ पर भी पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान कई वाहनों के चालान काटे गए, जबकि कुछ वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे दिन सड़कों पर हलचल का माहौल बना रहा।
यह विशेष चेकिंग अभियान नवंबर यातायात माह के तहत चलाया जा रहा है, जिसमें चंदौली पुलिस लगातार लोगों को जागरूक करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने का काम कर रही है।




