24 घंटे में ₹16 लाख की चोरी का खुलासा, पुलिस टीम को कप्तान ने किया सम्मानित
सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा, चकिया थानाध्यक्ष अर्जुन प्रताप सिंह और उपनिरीक्षक अनिल कुमार पांडे को 99% रिकवरी पर प्रशस्ति पत्र

धर्मेंद्र कुमार, चन्दौली
चन्दौली। जनपद चन्दौली में ज्वेलर्स प्रतिष्ठान में हुई ₹16 लाख की बड़ी चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

दरअसल, दिनांक 23 अप्रैल 2026 को थाना चकिया क्षेत्र के ग्राम बरहटा स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में संगठित अंतर्राज्यीय गिरोह ने सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। प्रतिष्ठान के संचालक रशि प्रकाश वर्मा की तहरीर के आधार पर थाना चकिया में मुकदमा अपराध संख्या 105/2026, धारा 316(2)/318(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के निर्देशन में थाना चकिया पुलिस और सर्विलांस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया और इसमें शामिल अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 16 लाख की नगदी बरामद की, जो चोरी गई कुल रकम का करीब 99 प्रतिशत है। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
इस उत्कृष्ट कार्य के लिए 27 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय तथा सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई गई।




