News

चितईपुर में ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल

कस्टडी से भागकर पिस्टल छीनने और फायरिंग की कोशिश, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली

नीरज सिंह, वाराणसी

 

वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपुर स्थित मधुबन लॉन के पास लाइफ लाइन हॉस्पिटल के सामने सोमवार देर रात सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई। करीब 30 वर्षीय एक अज्ञात ऑटो चालक की पेपर कटिंग में इस्तेमाल होने वाले ब्लेड से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना और मदद से पुलिस ने हत्या करने वाले आरोपी को मौके के पास से ही गिरफ्तार कर लिया।

Varanasi:  चितईपुर में ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या, पैसों के विवाद में वारदात से हड़कंप

 

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु यादव के रूप में हुई है। हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों की पिस्टल छीनकर टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन जब वह नहीं माना तो जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि चितईपुर थाना क्षेत्र में ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या करने वाले अभियुक्त विष्णु यादव को घटनास्थल के पास से ही दौड़ाकर पकड़ लिया गया था। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। उन्होंने बताया कि आरोपी का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उपचार के बाद उसे आज जेल भेजा जाएगा।

फिलहाल मृतक ऑटो चालक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा ऑटो के मालिक को बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि ऑटो मालिक अशोक विहार कॉलोनी का निवासी है, जिससे संपर्क साधा जा रहा है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम सरवणन टी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button