Varanasi

वाराणसी में बेखौफ बदमाशों का तांडव: अस्सी घाट के पास युवक पर हमला, भेलुपुर चौराहे के पास तक पीछा कर कार में किया तोड़फोड़

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुई मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार, आरोपी को छुड़ाने ले लिए कई सफेदपोश लगा रहे है जुगाड़

नीरज सिंह, वाराणसी

 

 

वाराणसी। धर्म नगरी वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के बेखौफ बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। अस्सी पार्किंग के पास बाइक सवार युवकों ने एक फॉर्च्यूनर सवार युवक को न केवल गाली-गलौज और मारपीट का शिकार बनाया, बल्कि उसकी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना का विस्तृत विवरण

दशाश्वमेघ क्षेत्र के लाहौरी टोला निवासी यश कपूर, जो पेशे से साड़ी व्यापारी हैं, ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार की सुबह करीब 5 बजे के बीच वे अपनी फॉर्च्यूनर कार (नंबर UP 65 FX 0606) से अस्सी घाट की ओर से लौट रहे थे।

अस्सी पार्किंग के समीप पहुंचते ही पीछे से तीन-चार बाइक सवार युवक अचानक सामने आए और बिना किसी वजह के यश कपूर को गाली-गलौज करने लगे। जब यश कपूर ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने ईंटों से हमला कर उनकी फॉर्च्यूनर कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

पीड़ित यश कपूर के अनुसार, जब वे अपनी जान बचाकर वहां से घर की ओर भागने लगे तो आरोपियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। भेलूपुर चौराहे के पास बदमाशों ने उन्हें दोबारा घेर लिया और गाड़ी में फिर से तोड़फोड़ करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

आरोपी का आपराधिक इतिहास

इस वारदात में मुख्य आरोपी ऋषभ सिंह राजपूत का नाम सामने आया है जिसका विवादों और आपराधिक गतिविधियों से पुराना नाता रहा है।

कुछ समय पहले उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कथित तौर पर बंदूक से फायरिंग करता नजर आया था। इस वीडियो ने पहले भी काफी चर्चा पैदा की थी।

क्या होगी पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

भेलूपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पीड़ित यश कपूर की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया, सभ्य समाज के लिए यह ठीक नहीं

इस घटना से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में आक्रोश फैल गया है। लोग रात के समय अस्सी घाट और आसपास के इलाकों में सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। कई लोगों ने कहा कि पर्यटन स्थल होने के बावजूद अस्सी क्षेत्र में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है।

पुलिस प्रशासन से अपील की जा रही है कि ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी भी नागरिक की जान-माल को खतरा न हो।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button