Ghazipur

सैदपुर बिजली अभियान: 2 लाख से ज्यादा की वसूली, 5 की बिजली कटी, 4 चोरी करते पकड़े गए

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

 

सैदपुर (गाजीपुर)। नगर में बिजली चोरी और बकाया बिल वसूली को लेकर मंगलवार को बिजली विभाग की टीम ने बड़ा अभियान चलाया। यह अभियान नगर के मुख्य बाजार, पश्चिम बाजार, नई सड़क सहित अन्य इलाकों में चलाया गया। टीम ने कुल 2.10 लाख रुपये की वसूली की, वहीं पांच बड़े बकाएदारों की बिजली काट दी गई।

उपखंड अधिकारी ए.के. सिंह के निर्देश पर नोडल अधिकारी प्रवीण सिंह और जेई पत्तूराम यादव के नेतृत्व में टीम ने नगर में सघन चेकिंग की। टीम में एसएसओ दीपक यादव, चंद्रप्रकाश यादव, एलएम ज्ञानप्रकाश, कन्हैया शुक्ला और रोहित सिंह शामिल रहे।

अभियान के दौरान लगभग 50 उपभोक्ताओं के कनेक्शन की जांच की गई। इस जांच में कई उपभोक्ताओं के बड़े बकाये सामने आए, जिनसे मौके पर ही कुल ₹2.10 लाख की वसूली की गई।

इसी क्रम में जिन उपभोक्ताओं पर ₹1.90 लाख से अधिक की बकाया राशि थी, उनकी बिजली आपूर्ति तत्काल प्रभाव से काट दी गई।

जांच में चार उपभोक्ता मीटर बाईपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए। विभाग ने इन पर कड़ी कार्रवाई की और आवश्यक कानूनी कदम उठाए।

इसके अतिरिक्त, जिन उपभोक्ताओं के घरों में मीटर का लोड कम पाया गया लेकिन उपयोग अधिक था, उनके मीटर का लोड बढ़ाया गया। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं को चेतावनी दी कि वे समय पर अपना बकाया भुगतान करें और अपने मीटर का लोड वास्तविक उपयोग के अनुसार ही निर्धारित कराएं, अन्यथा विभागीय कार्यवाही की जाएगी।

बिजली विभाग की यह कार्यवाही नगर में चर्चा का विषय बनी रही और इससे आम उपभोक्ताओं को भी चेतावनी मिली है कि बिजली चोरी और बिल बकाए को लेकर अब सख्ती की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button