Ghazipur

सैदपुर: टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में संस्थापक पंडित आत्माराम पांडे की 36वीं पुण्यतिथि पर भव्य आयोजन

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

 

सैदपुर, गाज़ीपुर। टाउन नेशनल इंटर कॉलेज में शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन कॉलेज के संस्थापक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पंडित आत्माराम पांडे की 36वीं पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया।

इस कार्यक्रम की आज अध्यक्षता टाउन नेशनल कॉलेज के पूर्व प्रवक्ता श्री राजेंद्र कुमार पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित आत्माराम पांडे के जीवन, संघर्ष और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को स्मरण करते हुए वक्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर कॉलेज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। मुख्य अतिथि वाराणसी मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि “पंडित आत्माराम पांडे ने जिस सोच और संकल्प के साथ इस संस्थान की नींव रखी थी, उसे आगे बढ़ाना हम सबका कर्तव्य है।” उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ समाजसेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश मंत्री एवं पूर्व जिला अध्यक्ष राम तेज पांडेय ने स्वतंत्रता आंदोलन में आत्माराम पांडे के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं।

वहीं पूर्व प्रवक्ता राजेंद्र पांडेय ने कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की नींव है और इस दिशा में आत्माराम पांडे का योगदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

 

विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रत्यूष कुमार त्रिपाठी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। वहीं प्रबंधक सनद कुमार पांडे ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी अध्यापक, कर्मचारियों और छात्रों का आभार जताया।

कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं, जिनमें छात्रों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और भाषण प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button