चंदौली: कूड़े के ढेर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव, इलाके में सनसनी
रंधा सिंह, चंदौली

चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत जलीलपुर चौकी के समीप शनिवार शाम कूड़े के ढेर के पास एक प्रॉपर्टी डीलर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सत्येंद्र सिंह उर्फ कल्लू सिंह (43 वर्ष) निवासी जायसवाल स्कूल, मुगलसराय के रूप में हुई है। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार शाम उनका शव जलीलपुर चौकी के समीप कूड़े के ढेर के पास पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पारिवारिक जानकारी के अनुसार, सत्येंद्र सिंह अविवाहित थे और अपने वृद्ध माता-पिता की देखभाल करते थे। उनके बड़े भाई का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद वह परिवार का एकमात्र सहारा थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
मुगलसराय पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



