Ghazipur

अनपरा में किराये के मकान में फंदे से लटका मिला सैदपुर के युवक का शव, गांव में पसरा मातम

सरकारी विभागों में ठेकेदारी का काम करते थे पीयूष सिंह, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शुरू की जांच

रिपोर्ट: आकाश पाण्डेय।

 

सैदपुर (गाजीपुर)। गाजीपुर जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र के मुड़ियार गांव निवासी 38 वर्षीय पीयूष सिंह का शव सोनभद्र के अनपरा स्थित उनके किराये के मकान में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, पीयूष सिंह पिछले कई वर्षों से पत्नी और सात वर्षीय बेटे के साथ अनपरा कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे थे। वह नगर पंचायत सहित विभिन्न सरकारी विभागों में ठेकेदारी का कार्य करते थे। कुछ दिन पहले उनकी पत्नी बेटे को लेकर मायके चली गई थीं, जिसके बाद वह घर में अकेले रह रहे थे।

गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। कमरे के अंदर पंखे से फंदे के सहारे पीयूष सिंह का शव लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता प्रदीप सिंह, जो आंगनबाड़ी विभाग में लिपिक हैं, अन्य परिजनों के साथ अनपरा के लिए रवाना हो गए। पीयूष सिंह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी, सात वर्षीय पुत्र और दो छोटे भाई प्रवीण सिंह एवं पराक्रम सिंह हैं।

फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। वहीं, पीयूष सिंह की असमय मौत से उनके पैतृक गांव मुड़ियार में शोक का माहौल है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button