85 हजार की चोरी का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार – नगदी से लेकर छुहाड़ा-मूंगफली तक बरामद
चोरी के पैसों से खरीदा गया ऑटो समेत नगदी, गुटखा-जर्दा और उपकरण बरामद, एक आरोपी पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज

रिपोर्ट: राजकुमार बेनवंशी।
जौनपुर। जौनपुर के थाना जलालपुर पुलिस टीम ने चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के सामान की बिक्री से खरीदा गया एक ऑटो, नगदी, गुटखा-जर्दा की पुड़िया और चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 14 सितम्बर की आधी रात को पराऊगंज बाजार स्थित पुल्लू यादव की दुकान में चोरी की गई थी। दुकान के पीछे से छत का पटिया उखाड़कर आरोपी अंदर घुसे और काउंटर से करीब 85 हजार रुपये नगद, सिक्के, छुहाड़ा, मूंगफली और गुटखा-जर्दा चोरी कर ले गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र उर्फ खरपत्तू और विनोद सोनकर के रूप में हुई है, दोनों थाना जलालपुर क्षेत्र के मझगांव कला गांव के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि चोरी के पैसों को आपस में बांटने के बाद विनोद सोनकर ने उसी रकम से नया ऑटो खरीदा।
पुलिस ने कुल 1640 रुपये नगद, करीब डेढ़-डेढ़ किलो छुहाड़ा और मूंगफली, 25-25 पुड़िया गुटखा व जर्दा, साथ ही बसुली, रम्मा, छिन्नी, रूखानी और प्लायर जैसे उपकरण भी बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विनोद सोनकर के खिलाफ NDPS एक्ट, आबकारी एक्ट और चोरी-ठगी से जुड़े कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं जितेंद्र पर भी इसी मामले में केस दर्ज है। जलालपुर पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




