
गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार (29 सितंबर 2025) को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में ₹25,000 का इनामी वांछित अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक अन्य साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने मौके से असलहे और कारतूस बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस की जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी निरीक्षक सैदपुर योगेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तोड़रपुर गोलीकांड का वांछित इनामी बदमाश और उसका एक साथी भागने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने मिशन शक्ति प्रभारी श्वेता कुमारी को अवगत कराया और घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया।
आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई
जैसे ही बदमाशों ने खुद को घिरा पाया, उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश चंद्रभान उर्फ भुटकुन (निवासी बरिया, थाना करंडा) के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को तत्काल जिला अस्पताल, सैदपुर में भर्ती कराया गया। वहीं उसका साथी पवन (निवासी बरिया, थाना करंडा) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
अपराधियों का आपराधिक इतिहास
घायल चंद्रभान का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, धोखाधड़ी, शस्त्र अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी
पुलिस ने मौके से निम्न वस्तुएं बरामद कीं—
- 1 अदद अवैध पिस्टल .32 बोर
- 1 अदद अवैध तमंचा .315 बोर
- 3 अदद खोखा कारतूस
- 3 अदद जिंदा कारतूस
- 1 अदद मोटरसाइकिल
मुठभेड़ टीम
- प्रभारी निरीक्षक सैदपुर योगेंद्र सिंह मय टीम
- मिशन शक्ति प्रभारी श्वेता कुमारी मय टीम
फिलहाल पुलिस ने दोनों बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




