Jaunpur

जौनपुर में नकली सोने के बिस्किट और जाली नोट गिरोह का भंडाफोड़

स्वाट टीम और जलालपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो ठग गिरफ्तार, नकली करेंसी और कलर प्रिंटर बरामद

राजकुमार बेनवंशी, जौनपुर

 

जौनपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत जलालपुर पुलिस और स्वाट टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। नकली सोने के बिस्किट और जाली नोट छापने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में जाली नोट, नकली सोने के बिस्किट और नोट छापने वाला कलर प्रिंटर बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, जलालपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग नकली सोने के बिस्किट और जाली नोट के साथ काकोरी गांव के पास किसी सौदे की फिराक में हैं। सूचना पर स्वाट टीम और थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की और मौके से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की तलाशी में अभियुक्तों के पास से ₹27,600 की जाली मुद्रा, चार नकली सोने के बिस्किट, तीन नकली चूड़ियां, दो नकली कंगन, एक कलर प्रिंटर और एक XUV 700 गाड़ी बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि गिरोह नौकरी, प्रॉपर्टी और सोने के सौदे के नाम पर लोगों को ठगता था। ये लोग नकली सोना और जाली नोट दिखाकर निवेश का झांसा देते और फिर रकम लेकर फरार हो जाते थे।

पकड़े गए आरोपियों में से एक अजय सिंह उर्फ पिंटू पर जौनपुर और वाराणसी जनपदों में ठगी और जालसाजी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि यह गैंग अब तक हजारों लोगों को अपने जाल में फंसा चुका है।

एसपी डॉ. कौस्तुभ ने टीम की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। दोनों आरोपियों के खिलाफ जलालपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button