Chandauli: मुगलसराय में बड़ी वारदात, बदमाशों ने दवा व्यापारी को मारी गोली, इलाज के दौरान हुई मौत

रंधा सिंह, चन्दौली
मुगलसराय (चन्दौली): चंदौली जिले के मुगलसराय में मंगलवार रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। नगर के प्रमुख दवा कारोबारी रोहितास पाल उर्फ रोमी (45 वर्ष) को बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना जीटी रोड के धर्मशाला मोड़ के निकट हुई, जहां वे अपनी दुकान बंद करने के बाद स्कूटी स्टार्ट कर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। हमलावरों ने नजदीक से फायरिंग की और फिर पैदल ही धर्मशाला रोड की ओर भागते हुए गलियों में गुम हो गए। दुकान का एक कर्मचारी ने उनका पीछा किया, लेकिन पकड़ में नहीं आ सके।
घायल रोहितास को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें देखे बिना ही अन्यत्र रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों और स्थानीय व्यापारियों ने उन्हें हाईवे पर स्थित मेटिस हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर किया। दुर्भाग्य से, गोली लगने के कुछ ही मिनटों बाद रोहितास ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर फैलते ही मुगलसराय में सन्नाटा छा गया और व्यापारी वर्ग में आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलते ही चंदौली के एसपी आदित्य लांग्हे मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और पुलिस की कई टीमों को बदमाशों की तलाश में लगाया। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज की छानबीन में जुट गई है, खासकर धर्मशाला रोड पर लगे कैमरों को प्राथमिकता दी जा रही है। एसपी ने बताया कि हमलावर पेशेवर अपराधी लगते हैं, जिन्होंने इलाके की पूरी रेकी की थी। उन्होंने रात के उस समय को चुना जब जीटी रोड पर चहल-पहल कम हो जाती है, जिससे घटना को अंजाम देना आसान हो गया।
मृतक रोहितास पाल शहर के सबसे मिलनसार और सम्मानित व्यापारियों में से एक थे। उनकी दवा की दुकान जीटी रोड पर स्थित थी और वे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर पुरानी रंजिश, व्यापारिक विवाद या अन्य आपराधिक साजिश जैसे कयास लगाए जा रहे हैं। मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। विधायक ने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के जिलों में नाकेबंदी करवा दी गई है। एसपी लांग्हे ने आश्वासन दिया कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सजा दिलाई जाएगी। इस घटना ने मुगलसराय के व्यस्त बाजार इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां दिन-रात भीड़ रहती है। व्यापारी संगठनों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। मामले की गहन जांच जारी है।



