सीडीओ की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक, आयुष्मान व टीबी अभियान को लेकर कड़े निर्देश
25 दिसंबर तक सभी लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य; टीबी स्क्रीनिंग बढ़ाने के लिए रणनीति बनाने पर जोर

ख़बर भारत।
वाराणसी। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित सभी कार्यक्रमों की प्रगति और उपलब्धियों की समीक्षा की गई।
सीडीओ ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत शत-प्रतिशत लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार लाभार्थियों की सूची के आधार पर प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए 25 दिसंबर तक सभी कार्ड पूर्ण रूप से बनाए जाने को अनिवार्य बताया।
सीडीओ ने टीबी मुक्त अभियान को तेज़ करने के लिए जिलास्तर पर स्क्रीनिंग बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक मजबूत रणनीति तैयार कर टीबी स्क्रीनिंग में तेजी लाई जाए। साथ ही, दोनों अभियानों के लिए नोडल अधिकारी नामित कर दैनिक पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्य कार्यक्रमों में राज्य स्तर पर मिली बेहतर उपलब्धियों की सराहना करते हुए सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत कार्यरत मेडिकल टीमों को बर्थ डिफेक्ट से पीड़ित बच्चों को खोजकर सबल काशी ऐप पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।
सीडीओ ने यह भी कहा कि चयनित सीएचओ और एएनएम का समुचित उपयोग करते हुए ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस पर शत-प्रतिशत गर्भवती महिलाओं और शिशुओं को ट्रैक कर सभी आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाएं।
उन्होंने छूटे हुए परिवारों का पूर्ण टीकाकरण कराने और चिकित्सा संस्थानों में होने वाले जन्म और मृत्यु के मामलों का समय से पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने सभी संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, जिला कार्यक्रम अधिकारी, डीपीएम, प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।




