डीएम ने रैन बसेरों का किया औचक निरीक्षण: फैमिली और बच्चों के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश – सत्येन्द्र कुमार
आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

वाराणसी, 18 दिसंबर 2025। कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने गुरुवार देर रात सिकरौल, परमानंदपुर और पाण्डेयपुर चौराहा स्थित रैन बसेरों एवं अस्थायी रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अलाव की स्थिति, साफ-सफाई और वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रैन बसेरों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड में खुले आसमान के नीचे न रहे। उन्होंने जनसामान्य से भी अपील की कि यदि कहीं कोई व्यक्ति ठंड से परेशान दिखाई दे, तो तत्काल प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर करने के साथ-साथ मच्छरों से बचाव के लिए एंटी-लार्वा छिड़काव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा नगर निगम के अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि रैन बसेरों में परिवारों और बच्चों के लिए अलग से रहने की समुचित व्यवस्था की जाए।
इस मौके पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




