बरंगा गांव में घायल बछड़े को मिला नया जीवन, गौ सेवकों और डॉक्टरों की टीम ने किया सफल उपचार
सैयदराजा क्षेत्र में सड़क किनारे घायल मिले बछड़े का प्राथमिक उपचार कर गौशाला भेजा गया, ग्रामीणों ने की गौ सेवकों की सराहना।

रिपोर्ट: चंदन सिंह।
चंदौली। जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के बरंगा गांव में मानवता और गौ सेवा की मिसाल उस समय देखने को मिली, जब सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े एक बछड़े का समय रहते उपचार कर उसकी जान बचाने का प्रयास किया गया। गौ प्रेमी परमानंद तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे गौ सेवकों और पशु चिकित्सकों की टीम ने मौके पर ही प्राथमिक उपचार कर बछड़े को सुरक्षित गौशाला भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह बरंगा गांव में चंद्रभूषण पांडे के घर के सामने एक बछड़ा घायल अवस्था में पड़ा मिला। वह दर्द से कराह रहा था और चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ था। यह देख स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल समाजसेवी एवं गौ प्रेमी परमानंद तिवारी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परमानंद तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पशु चिकित्सक डॉ. दीपक मिश्रा से संपर्क किया, जिसके बाद डॉक्टर अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और उपचार शुरू किया।
डॉक्टरों ने घायल बछड़े के घावों की सफाई कर आवश्यक दवाइयां और एंटीसेप्टिक स्प्रे लगाया। प्राथमिक उपचार के बाद बछड़े को बेहतर देखभाल और आगे के इलाज के लिए गौशाला भेज दिया गया, जहां उसकी नियमित निगरानी की जाएगी।
परमानंद तिवारी ने कहा कि बरसात के मौसम में पशुओं के घायल होने पर संक्रमण का खतरा काफी बढ़ जाता है। ऐसे में समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई घायल या बीमार गौवंश दिखाई दे तो तत्काल संबंधित विभाग या गौ सेवकों को सूचना दें, ताकि समय रहते उसकी जान बचाई जा सके।
इस दौरान ग्राम प्रधान कन्हैया राम, साजन पांडे, सलाउद्दीन, सुनील मौर्या, पंकज यादव, अखिलेश यादव, चंद्रभूषण पांडे सहित कई ग्रामीण एवं गौ सेवक मौजूद रहे और उपचार कार्य में सहयोग किया।




