बीoएलoसीo इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक उत्सव ‘सृजन’ का भव्य आयोजन, शिक्षा-संस्कृति का दिखा अद्भुत संगम
विशाल कुमार, चौबेपुर

वाराणसी। पूरनपट्टी, डूबकिया स्थित बी. एल. सी. इंटरनेशनल स्कूल में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी वार्षिक उत्सव ‘सृजन’ का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, भव्यता और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कृति और सृजनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
उत्सव के मुख्य अतिथि बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर बी. सी. कापरी तथा विशिष्ट अतिथि ओम साई इंग्लिश हाई स्कूल एवं जूनियर कॉलेज के प्रबंध निदेशक एवं सचिव श्री घनश्याम गुप्ता रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य, समूह नृत्य, धीम नृत्य सहित विविध रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ छात्रों तक ने मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह से खूब तालियाँ बटोरीं।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं संस्कारों का समन्वय ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने विद्यालय के शैक्षिक व सांस्कृतिक प्रयासों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री संतोष जायसवाल, प्रबंधक श्री अमित जायसवाल, के. एस. एस. जे. फाउंडेशन के सदस्य श्री सुभाष जायसवाल, समस्त शिक्षकगण, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कृष्ण अवतार गुप्ता द्वारा धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।




