Varanasi: तीन दोस्त बना रहे थे रील, अचानक चल गई गोली; युवक हुआ घायल
वाराणसी के ब्यौहरियापुर गांव में तीन दोस्त बना रहे थे रील, अचानक चली गोली; घायल नितिन चौहान ट्रॉमा सेंटर में भर्ती,आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही है जांच

नीरज सिंह, वाराणसी
वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र की कठिरांव चौकी अंतर्गत ब्यौहरियापुर गांव में रील बनाने के दौरान गोली चलने से एक युवक के घायल होने का मामला सामने आया है। अचानक गोली चलने की घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
तीन दोस्त बना रहे थे रील, तभी चली गोली
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीन दोस्त एक साथ रील बनाने में जुटे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और उसकी चपेट में आने से नितिन चौहान घायल हो गया। बताया जा रहा है कि गोली कठिरांव निवासी दिलीप मिश्रा के बेटे कृष मिश्रा के द्वारा चली। घटना के बाद पुलिस ने कृष मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किस परिस्थिति में चली और उस समय हथियार किसके पास था। घटना में किसी तरह की लापरवाही हुई या गोली चलने के पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी भी जांच की जा रही है।
घायल युवक को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया
गोली लगने के बाद नितिन चौहान को तत्काल उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि नितिन अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता है और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था पर परिजनों ने जताई नाराजगी
वहीं, घायल युवक के मामा ने ट्रॉमा सेंटर में इलाज में कथित देरी को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि वह करीब दो घंटे से घायल नितिन को लेकर अस्पताल में मौजूद हैं, लेकिन उपचार में काफी देरी हो रही है। परिजनों के मुताबिक, इलाज में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई गई, जिसके चलते वे घायल को मालदहिया स्थित सिंह मेडिकल ले जाने की बात कह रहे थे।
हालांकि, अस्पताल की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस जांच में जुटी, घटना की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास
घटना की सूचना के बाद फूलपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने में लगी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गोली चलाने वाला हथियार कहां से आया और घटना के समय वहां मौजूद लोगों की क्या भूमिका थी।
फिलहाल पुलिस की हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ जारी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही गोली चलने की वास्तविक परिस्थितियां और घटना के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।




