Chandauli

चंदौली में होली पर दो पक्षों में जमकर मारपीट, आधा दर्जन से अधिक घायल

रंधा सिंह, चन्दौली

 

चंदौली। जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के कांधरपुर गांव में होली के दिन बुधवार रात करीब 8 बजे दो पक्षों के बीच हिंसक मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर पहुंचाया गया।

शराब पीकर गाली-गलौज से भड़का विवाद

विवाद होली के दौरान शराब पीकर गाली-गलौज करने के बाद शुरू हुआ। एक पक्ष के रोहित विश्वकर्मा ने बताया कि गांव के तीन लड़के उनके घर पर शराब पीकर गाली दे रहे थे। जब परिवार के सदस्यों ने उन्हें रोका तो वे चले गए और बाद में कई अन्य लोगों को लेकर लौट आए। इसके बाद गाली-गलौज मारपीट में बदल गया।

एक पक्ष के तीन लोगों को गंभीर चोटें

मारपीट में एक पक्ष से श्यामलाल विश्वकर्मा (60), बाबूलाल विश्वकर्मा (55) और मोहित विश्वकर्मा (28) गंभीर रूप से घायल हुए। मोहित विश्वकर्मा के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर से जिला अस्पताल चंदौली रेफर किया गया। वहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी के ट्रामा सेंटर भेज दिया गया, जहां इलाज चल रहा है।

वाराणसी के ‘नमो वन’ में विश्व रिकॉर्ड के बाद हाई-टेक सुरक्षा

 

दूसरे पक्ष के छह लोग भी गंभीर घायल

दूसरे पक्ष से दीपक सिंह (35), प्रदीप शर्मा (22), राहुल सेठ (18), सतीश खरवार (30), धर्मवीर शर्मा (28) और अश्विनी मौर्या (23) गंभीर रूप से घायल हुए। इन सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल चंदौली रेफर कर दिया गया है।

दूसरे पक्ष का आरोप- छेड़खानी के बाद शुरू हुई मारपीट

दूसरे पक्ष की कुसुम देवी ने बताया कि बुधवार रात 8 बजे कुछ लोगों ने उनके साथ छेड़खानी की। जब बीच-बचाव करने वाले लोग आए तो उनके साथ मारपीट शुरू हो गई।

सई नदी में स्नान करते समय युवक की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम

 

पुलिस ने दर्ज किया मामला, गांव में तैनात किया गया फोर्स

धानापुर पुलिस ने दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि बुधवार रात 8 बजे दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। कारणों की जांच की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button