NEET UG 2026 रद्द: पेपर लीक की आशंका के बाद NTA का बड़ा फैसला, नई परीक्षा तिथि अभी घोषित नहीं
आरिफ़ अंसारी, ख़बर भारत

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को रद्द कर दिया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं की आशंका के बाद यह बड़ा फैसला लिया है। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, हालांकि नई परीक्षा तिथि अभी जारी नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि राजस्थान में कथित पेपर लीक की सूचना सामने आने के बाद जांच एजेंसियां सक्रिय हुईं। राजस्थान एसओजी ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है और बहु-राज्यीय नेटवर्क की जांच की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कुछ प्रश्न परीक्षा से पहले प्रसारित किए जाने की आशंका जताई गई है।
NTA ने कहा है कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। एजेंसी ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे नई परीक्षा तिथि और आगे के निर्देशों के लिए केवल आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करें। केंद्र सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जबकि CBI जांच की भी चर्चा तेज हो गई है।
NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से लाखों छात्रों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी और चिंता का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी NTA और परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।




