VaranasiPolitics

मीट-मांस की दुकानों को लेकर कांग्रेस का पलटवार, कांग्रेस ने कभी नहीं दिया ऐसा प्रस्ताव, महापौर से मांगा सबूत

कांग्रेस पार्षद दल बोला- शहर से दुकानों को बाहर करने का कोई प्रस्ताव नहीं दिया, झूठे आरोप लगाकर जनता को गुमराह कर रही भाजपा

ख़बर भारत, संवाददाता

 

 

  • मीट-मांस की दुकानों पर राजनीति तेज: कांग्रेस ने महापौर के दावे को बताया झूठा
  • काशी की गंगा-जमुनी तहजीब से खिलवाड़ नहीं होने देंगे: कांग्रेस
  • नगर निगम की विफलताओं को छिपाने के लिए फैलाया जा रहा भ्रम: राघवेन्द्र चौबे
  • सबूत दो या माफी मांगो: कांग्रेस पार्षद दल की महापौर को खुली चुनौती
  • सावन-नवरात्र में अस्थायी बंदी की बात को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया: गुलशन अंसारी
  • जनता को गुमराह करना बंद करे भाजपा, विकास के मुद्दों पर जवाब दे: कांग्रेस
  • झूठा प्रचार नहीं रुका तो कांग्रेस चलाएगी व्यापक जनसंपर्क अभियान
  • शहर की सफाई, जलभराव और सीवर संकट छोड़ विवादों में उलझी भाजपा: कांग्रेस

वाराणसी। महानगर कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस पार्षद दल की एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता मंगलवार को मैदागिन स्थित पार्टी कार्यालय राजीव भवन में आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में नगर निगम से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों, शहर की सफाई व्यवस्था, जलनिकासी, सीवर समस्या तथा मीट-मांस की दुकानों को शहर से बाहर स्थानांतरित किए जाने को लेकर चल रही चर्चाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा और महापौर अशोक तिवारी पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता का ध्यान नगर निगम की विफलताओं से हटाने के लिए विवाद खड़े किए जा रहे हैं।

 

महापौर कांग्रेस पार्षद दल को बदनाम करने का कर रहे प्रयास, जनता को गुमराह करना बंद करें : राघवेन्द्र चौबे (महानगर अध्यक्ष, महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी)

 

गुलशन अंसारी बोले- ऐसा कोई प्रस्ताव दिया है तो महापौर सार्वजनिक करें

कांग्रेस पार्षद दल के नेता गुलशन अंसारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पिछले कुछ दिनों से यह प्रचारित किया जा रहा है कि वाराणसी शहर से मीट-मांस की दुकानों को बाहर करने का प्रस्ताव कांग्रेस पार्षद दल की ओर से दिया गया था। उन्होंने इस दावे को पूरी तरह झूठा, निराधार और भ्रामक बताया।

 

मांस-मछली कारोबार को शहर से बाहर भेजने के फैसले के खिलाफ सड़क पर उतरा ‘साझा संस्कृति मंच’

 

उन्होंने कहा कि यदि महापौर अशोक तिवारी यह दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस पार्षद दल या उनके द्वारा ऐसा कोई प्रस्ताव दिया गया था, तो उसे तत्काल सार्वजनिक किया जाए। जनता को बताया जाए कि यह प्रस्ताव कब, किस बैठक में और किस दस्तावेज के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि यदि महापौर ऐसा करने में असमर्थ हैं तो उन्हें काशी की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

 

या तो प्रस्ताव सार्वजनिक करें या काशी की जनता से माफी मांगें : गुलशन अंसारी (नेता पार्षद दल , कांग्रेस , नगर निगम वाराणसी )

 

सिर्फ सावन और नवरात्र में अस्थायी बंदी की बात कही थी

गुलशन अंसारी ने कहा कि कांग्रेस पार्षद दल ने कभी भी शहर से मीट-मांस की दुकानों को स्थायी रूप से हटाने की मांग नहीं की। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल सावन और नवरात्र जैसे विशेष धार्मिक अवसरों पर, जब लाखों श्रद्धालु काशी आते हैं, तब आस्था और परंपराओं का सम्मान करते हुए कुछ दिनों के लिए दुकानों को बंद रखने का सुझाव दिया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस सुझाव को तोड़-मरोड़कर पूरे शहर से दुकानों को बाहर करने के प्रस्ताव के रूप में पेश कर रही है, जिससे समाज में भ्रम और विभाजन पैदा किया जा सके।

काशी की गंगा-जमुनी तहजीब को नुकसान पहुंचा रही भाजपा : कांग्रेस

गुलशन अंसारी ने कहा कि काशी विश्व की प्राचीनतम सांस्कृतिक नगरी है, जिसकी पहचान गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे से रही है। यहां विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग सदियों से प्रेम और सौहार्द के साथ रहते आए हैं।

उन्होंने कहा कि महापौर के बयान सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले हैं और राजनीतिक लाभ के लिए काशी की साझा सांस्कृतिक विरासत को निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस समाज को जोड़ने की राजनीति में विश्वास करती है, जबकि भाजपा समाज को बांटने का काम कर रही है।

नगर निगम की विफलताओं से ध्यान भटकाने की कोशिश : राघवेन्द्र चौबे

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। नगर निगम की बदहाल व्यवस्था, सफाई संकट, जलभराव, सीवर समस्या, टूटी सड़कें और विकास कार्यों की धीमी गति से जनता परेशान है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन वास्तविक समस्याओं से जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा नए-नए विवाद पैदा कर रही है। कांग्रेस किसी भी धर्म, समुदाय या व्यवसाय विशेष के खिलाफ नहीं है और संविधान की भावना तथा सभी वर्गों के सम्मान में विश्वास करती है।

महापौर जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, विवाद की राजनीति नहीं

राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि महापौर अशोक तिवारी को झूठी बयानबाजी छोड़कर नगर निगम की जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा यदि काशी की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करेगी तो कांग्रेस उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।

झूठा प्रचार जारी रहा तो चलेगा जनसंपर्क अभियान

पत्रकार वार्ता में मौजूद कांग्रेस नेताओं और पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि कांग्रेस पार्षद दल को बदनाम करने की किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि कांग्रेस के खिलाफ झूठा प्रचार जारी रहा तो पार्टी व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर जनता तक सच्चाई पहुंचाएगी और नगर निगम की विफलताओं को उजागर करेगी।

पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, पार्षद दल नेता गुलशन अंसारी, रमजान अली, अफरोज अंसारी, असलम खान, वकाश अंसारी, राज खान, बेलाल अंसारी, तुफैल अंसारी, अरशद लड्डू, अब्दुल हमीद डोडे, किशन यादव, मोहम्मद उज्जैर, किशन गुप्ता और कृष्णकांत तिवारी सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button