Ghazipur

सपा विधायक अंकित भारती ने गरीब बेटी का कराया विवाह, स्वयं किया कन्यादान; नवदंपति से लगवाया फलदार वृक्ष

बौद्ध रीति-रिवाज से संपन्न हुआ दहेज मुक्त विवाह, समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने वर-वधू को दिया आशीर्वाद

आकाश पाण्डेय, वाराणसी

 

 

सैदपुर (गाजीपुर)। सैदपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अंकित भारती ने बुधवार को अपने रामपुर मांझा स्थित आवास पर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए एक गरीब परिवार की बेटी का विवाह संपन्न कराया। उन्होंने न केवल विवाह समारोह की पूरी व्यवस्था कराई, बल्कि स्वयं कन्यादान कर नवदंपति को आशीर्वाद भी दिया। विवाह के बाद विधायक ने वर-वधू से फलदार वृक्ष लगवाकर उनके सुखद, समृद्ध और हरित भविष्य की कामना की।

जानकारी के अनुसार, खिदिरपुर (थाना करंडा) निवासी मुस्कान का विवाह धरवा (थाना रामपुर मांझा) निवासी आशीष के साथ बौद्ध रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया। विवाह समारोह का संचालन रामदास बने ने कराया। यह विवाह पूरी तरह सादगीपूर्ण, दहेज मुक्त और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला रहा।

विवाह के उपरांत विधायक अंकित भारती ने नवदंपति से अपने आवास परिसर में फलदार वृक्ष का पौधरोपण कराया और कहा कि जिस प्रकार यह पौधा समय के साथ फलदार और छायादार वृक्ष बनेगा, उसी प्रकार नवदंपति का वैवाहिक जीवन भी खुशहाली, प्रेम और समृद्धि से परिपूर्ण हो। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधरोपण करने की भी अपील की।

इस अवसर पर विधायक अंकित भारती ने कहा कि उनका परिवार हमेशा गरीब, दलित, पिछड़े और जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता करता रहा है और भविष्य में भी करता रहेगा। उन्होंने कहा कि वे बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर चलते हुए सामाजिक न्याय और समाजवादी मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

विवाह समारोह में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष गोपाल यादव, रामधारी यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष कमलेश यादव, विधानसभा अध्यक्ष गोविंद यादव, विधायक प्रतिनिधि राजनाथ यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़े को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। विवाह के उपरांत अतिथियों के लिए भोजन एवं मिष्ठान की भी व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button