सड़क पार करते समय हादसा: कक्षा 6 की छात्रा की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
जौनपुर के बाकराबाद बाजार में बाइक की चपेट में आई थी 11 वर्षीय अनुष्का प्रजापति, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में तीसरे दिन तोड़ा दम

राजकुमार बेनवंशी, संवाददाता, जौनपुर
जौनपुर (जलालपुर)। जलालपुर थाना क्षेत्र के वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बाकराबाद बाजार में सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुई 11 वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बाकराबाद बाजार के पास कक्षा 6 की छात्रा अनुष्का प्रजापति (11 वर्ष), पुत्री अरविंद प्रजापति, निवासी बाकराबाद, सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल अवस्था में कई अस्पतालों में चला इलाज
हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल जलालपुर के एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। करीब तीन दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद गुरुवार को इलाज के दौरान अनुष्का ने दम तोड़ दिया।
मजदूर परिवार की बेटी थी अनुष्का
मृतका अनुष्का तीन बहनों और एक भाई में दूसरे स्थान पर थी। उसके पिता अरविंद प्रजापति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां सुमन भी मजदूरी कर घर चलाने में सहयोग करती हैं। बेटी की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
गांव में पसरा मातम
अनुष्का की असामयिक मौत की खबर फैलते ही पूरे बाकराबाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति अधिक सतर्कता बरतने और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।




