
नीरज सिंह, वाराणसी
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर नवलपुर इलाके में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। झाड़ू-पोछा का काम करने वाली एक महिला के कमरे में घुसकर अज्ञात चोरों ने जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़िता ने शिवपुर थाने में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता उषा देवी, पत्नी भैयालाल, मूल रूप से आमोद मंगारी, थाना सिंधोरा की निवासी हैं। वर्तमान में वह डॉ. मढ़ता सिंह के प्लॉट, परमानंदपुर-नवलपुर, थाना शिवपुर में रहकर घरेलू कामकाज (झाड़ू-पोछा) कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं।
महिला के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 9:30 बजे वह रोज की तरह काम पर गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर उनके कमरे में घुस गए और अलमारी का ताला खोलकर उसमें रखे जेवरात और नगदी चोरी कर फरार हो गए।
काम से वापस लौटने पर महिला ने देखा कि कमरे का सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी का ताला खुला हुआ है। सामान की जांच करने पर जेवर और नकदी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल शिवपुर थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी और चोरी का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चोरी की घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके।




