बी-पैक्स वासूपुर पहुंचे अपर आयुक्त श्रीकांत गोस्वामी, निरीक्षण के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में किया पौधारोपण
उर्वरक उपलब्धता, कंप्यूटरीकरण और नई समितियों के संचालन की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश।

रिपोर्ट: आकाश पाण्डेय।
सैदपुर (गाजीपुर)। सहकारिता विभाग की योजनाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए गुरुवार को अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक, उत्तर प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं विकास सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीसीएलडीएफ) के प्रबंध निदेशक श्रीकांत गोस्वामी ने विकासखंड देवकली स्थित बी-पैक्स वासूपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समिति की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
निरीक्षण के दौरान श्रीकांत गोस्वामी ने समिति में किसानों के लिए उर्वरकों की उपलब्धता, कंप्यूटरीकरण की प्रगति और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सहकार सारथी के माध्यम से चल रहे डिजिटलीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने अब तक की प्रगति पर संतोष जताया और संबंधित अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी गाजीपुर और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सहकारिता विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। बैठक में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने, पीओएस मशीनों से जुड़ी समस्याओं के समाधान, गेहूं डिलीवरी व्यवस्था तथा नई समितियों के संचालन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने ऋण वितरण और वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला सहकारी बैंक के पदाधिकारियों के साथ नई समितियों के संचालन में आ रही वैधानिक समस्याओं पर भी चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सहकारी समितियों को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए समय-समय पर ऐसे निरीक्षण और समीक्षा बैठकें जारी रहेंगी।




