Varanasi

Varanasi में लाइसेंसी पिस्टल से व्यापारी ने खुद को मारी,  हालात गंभीर, BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

सुबह टहलने निकले 50 वर्षीय विजेंद्र कुमार सोनी के अपने ही लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली

~ वाराणसी में लाइसेंसी पिस्टल से व्यापारी ने खुद को मारी

~ सुबह टहलने निकले थे 50 वर्षीय विजेंद्र कुमार सोनी 

~ पांडेयपुर में घर से करीब 30 मीटर दूर हुई घटना

~ मौके पर पहुंची कैंट पुलिस और फोरेंसिक टीम, घटना की परिस्थितियों और कारणों की जांच जारी

 

 

वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार चौकी अंतर्गत पांडेयपुर इलाके में गुरुवार सुबह गोली लगने से एक कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब 50 वर्षीय विजेंद्र कुमार सोनी के सिर में गोली लगी है। उन्हें गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिवार में भी चिंता का माहौल है।

बताया जा रहा है कि विजेंद्र कुमार सोनी रोजाना की तरह गुरुवार सुबह करीब पांच बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। घर से करीब 30 मीटर दूर पहुंचने के बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें घायल अवस्था में देखा। जानकारी मिलते ही परिजन भी वहां पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।

परिजनों के मुताबिक विजेंद्र तीन भाइयों में बीच वाले हैं। उनके बड़े भाई हरेन्द्र सोनी और छोटे भाई जितेंद्र सोनी हैं। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा, एक बेटी और उनकी माता भी रहती हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं। परिजनों का कहना है कि उन्हें परिवार में किसी बड़े विवाद या ऐसी परेशानी की जानकारी नहीं थी। ऐसे में घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।

BHU ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज

बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने जांच और एक्स-रे के बाद सिर में फंसी गोली को निकालने के लिए ऑपरेशन की आवश्यकता बताई है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन अस्पताल में मौजूद हैं और उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की।

पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और घटना के पीछे क्या कारण रहा। फिलहाल घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button