News

तस्करों के इरादे को चन्दौली पुलिस ने किया फेल; बुरादे की आड़ में डेढ़ करोड़ की शराब तस्करी का खुलासा, ट्रक समेत तस्कर गिरफ्तार

चंदौली में सैयदराजा पुलिस, SWAT और सर्विलांस टीम की बड़ी कार्रवाई; 1185 पेटी यानी 10,451 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद

रंधा सिंह, संवाददाता, चन्दौली

 

 

चंदौली। अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सैयदराजा पुलिस, SWAT और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर बिहार ले जाई जा रही करीब 1.50 करोड़ रुपये कीमत की 1185 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार करते हुए शराब से लदे ट्रक को भी कब्जे में ले लिया।

 

NH-19 पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध ट्रक पकड़ा

पुलिस के अनुसार, टीम NH-19 पर काले शाह बाबा की मजार के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रहे संदिग्ध ट्रक संख्या MH 18 BZ 7720 को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही ट्रक से उतरकर चालक भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, पहले से सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

 

 

बुरादे की बोरियों के नीचे छिपी थी शराब

ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिस को ऊपर से लकड़ी का बुरादा भरी पीली बोरियां दिखाई दीं। इन बोरियों को हटाने पर उनके नीचे भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस के मुताबिक, ट्रक से KINGS GOLD, IMPERIAL BLUE, McDowell’s, PARTY SPECIAL और SUPER JUBILEE ब्रांड की कुल 1185 पेटी शराब बरामद हुई।

बरामद शराब की कुल मात्रा 10,451.52 लीटर बताई गई है। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई है।

एक लाख रुपये के लालच में बिहार पहुंचाने निकला था ट्रक

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार (23) निवासी बाड़मेर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसे एक लाख रुपये देने का लालच देकर पानीपत के पास से शराब लदा ट्रक बिहार पहुंचाने के लिए दिया गया था।

आरोपी के अनुसार, पुलिस की नजर से शराब को बचाने के लिए उसके ऊपर लकड़ी का बुरादा लादकर बोरियों से ढक दिया गया था, ताकि सामान्य जांच के दौरान ट्रक में शराब होने का पता न चल सके।

आरोपी के पास से आईफोन और नकदी भी बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आईफोन, नकदी और अन्य सामान भी बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लोड की गई थी और इसे बिहार में किस व्यक्ति या गिरोह तक पहुंचाया जाना था।

आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद शराब और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाने में लगी है।

इस कार्रवाई को चंदौली पुलिस की अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। खासतौर पर बिहार सीमा की ओर जाने वाले मार्गों पर शराब की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और निगरानी टीमों की सक्रियता बढ़ाई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button