News

टीबी मुक्त भारत की मुहिम को मिला ‘JOSH’, वाराणसी में भी हुआ राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ

जे.पी. नड्डा ने नई दिल्ली से किया JOSH Teams का राष्ट्रीय शुभारंभ, वाराणसी में NCC कैडेट्स और MY Bharat Volunteers ने लिया हिस्सा

रिपोर्ट: श्रुति।

 

वाराणसी। टीबी मुक्त भारत के संकल्प को नई रफ्तार देने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से JOSH (Joint Squad for Health) Teams का राष्ट्रीय शुभारंभ किया गया। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वाराणसी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित सभागार में किया गया।

युवाओं के कंधों पर टीबी के खिलाफ जागरूकता की जिम्मेदारी

‘संपूर्ण सरकार और संपूर्ण समाज’ की सोच के तहत शुरू की गई इस पहल में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ युवा मामले एवं खेल मंत्रालय तथा रक्षा मंत्रालय की भागीदारी है। पहले चरण में देश के 11 राज्यों के 55 जिलों में JOSH Teams की शुरुआत की जा रही है।

वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में NCC कैडेट्स, MY Bharat Volunteers, पंचायती राज विभाग के प्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने लाइव प्रसारण में भाग लिया। मुख्य विकास अधिकारी, जनप्रतिनिधियों और जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी अपने-अपने कार्यालयों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

गांव-गांव पहुंचेगी JOSH Team

JOSH Team में एक नामित नोडल अधिकारी के नेतृत्व में 5 NCC कैडेट्स और 5 MY Bharat Volunteers शामिल होंगे। ये टीमें गांव, ब्लॉक और वार्ड स्तर पर पहुंचकर लोगों को टीबी के लक्षण, जांच, उपचार और बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा कि टीबी उन्मूलन की दिशा में JOSH Team की शुरुआत महत्वपूर्ण पहल है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।

वहीं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पियूष राय ने बताया कि अभियान का उद्देश्य टीबी को लेकर समाज में मौजूद भ्रम और कलंक को दूर करना है। JOSH Teams स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मिलकर लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाएंगी, ताकि मरीजों की समय पर पहचान हो सके और उन्हें निःशुल्क जांच, उपचार एवं निक्षय पोषण योजना का लाभ मिल सके।

बच्चों को प्रोटीन पाउडर, ली गई टीबी मुक्त भारत की शपथ

कार्यक्रम के दौरान 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को बाल रोग विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार प्रोटीन पाउडर उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और युवाओं ने टीबी मुक्त भारत की शपथ ली।कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा वॉलंटियर्स मौजूद रहे। सभी ने वाराणसी को टीबी मुक्त बनाने के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button