News

वाराणसी में मिशन शक्ति 6.0 के पहले दिन स्कूल में चला जागरूकता अभियान, छात्र-छात्राओं को बताए सुरक्षा के उपाय

लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने छोटा लालपुर स्थित एस.पी.एल.सी. माध्यमिक विद्यालय में चलाया अभियान, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी।

ख़बर भारत।

 

वाराणसी। मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के तहत वाराणसी में महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सोमवार को लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के छोटा लालपुर स्थित एस.पी.एल.सी. माध्यमिक विद्यालय में पुलिस ने छात्र-छात्राओं को सुरक्षा, अधिकारों और आपातकालीन सहायता के प्रति जागरूक किया।

अभियान के पहले दिन विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर अपराध से बचाव और जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद लेने के तरीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पोस्टर-चार्ट निर्माण, संवाद, जागरूकता रैली और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संदेश दिया गया।

1090, 181 और 112 समेत हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता से जुड़े प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। इनमें वुमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 शामिल हैं। पुलिस ने विद्यार्थियों को समझाया कि छेड़छाड़, उत्पीड़न, बाल सुरक्षा से जुड़ी समस्या या किसी आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता ली जा सकती है। पोस्टर और चार्ट के जरिए भी हेल्पलाइन नंबरों के महत्व को समझाया गया।

रैली निकालकर दिया महिला सम्मान का संदेश

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर महिला सुरक्षा और सम्मान का संदेश दिया। रैली में ‘नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, यही है मिशन शक्ति अभियान’ और ‘देश को आगे बढ़ाना है, तो नारी को सशक्त बनाना है’ जैसे नारे लगाए गए। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना तथा जरूरत पड़ने पर बिना झिझक सहायता लेने के लिए प्रेरित करना रहा।

मिशन शक्ति टीम ने निभाई सक्रिय भूमिका

कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक आकांक्षा मिश्रा के साथ महिला कांस्टेबल रीमा, मोनिका तिवारी और अनीता ने सक्रिय सहयोग किया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर जागरूकता अभियान में भागीदारी सुनिश्चित की।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button