Varanasiशासन प्रशासन

वाराणसी में यातायात माह नवंबर का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकालकर लोगों को किया गया जागरूक

अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने दीप प्रज्वलित कर किया अभियान का उद्घाटन, एनसीसी कैडेट्स, पुलिसकर्मियों और स्कूली विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी 

 

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में रविवार, 1 नवंबर 2026 को यातायात माह नवंबर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) शिवहरि मीणा ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लोगों को जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए। खास तौर पर 100 बटालियन एनसीसी, यूपी कॉलेज के लगभग 65 छात्र-छात्रा कैडेट्स ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इसके अलावा अलग-अलग विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी यातायात जागरूकता अभियान में हिस्सा लिया।

इस दौरान पुलिस उपायुक्त यातायात अनिल यादव, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्र, एसीपी यातायात, समस्त यातायात निरीक्षक (टीआई), यातायात उपनिरीक्षक (टीएसआई) और महिला यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने यातायात नियमों के पालन को केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व बताया।

जागरूकता रैली में दिखा पुलिस और एनसीसी का उत्साह

शुभारंभ कार्यक्रम के बाद आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली में 36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर के बैंड ने आकर्षक धुनों की प्रस्तुति दी। रैली में घुड़सवार पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, स्कूटी सवार महिला यातायात पुलिसकर्मी, इंटरसेप्टर मोटरसाइकिल, चार पहिया इंटरसेप्टर वाहन और यातायात जागरूकता रथ शामिल रहे।

रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सड़क संकेतों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय सावधानी बरतने का संदेश दिया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी न केवल वाहन चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी खतरा बन सकती है।

पूरे नवंबर चलेगा जागरूकता और प्रवर्तन अभियान

यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की ओर से यातायात माह के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां और प्रवर्तन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के जरिए आम नागरिकों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ उनके पालन के लिए प्रेरित किया जाएगा। पुलिस का लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाना है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहन चलाते समय लापरवाही से बचें। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित काशी, सुगम काशी और दुर्घटनामुक्त काशी का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों को अपनी आदत और जिम्मेदारी बनाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button