संपत्ति एवं मानचित्र से संबंधित बकायेदारों को VDA का सख्त निर्देश, बकायेदारों को OTS-2026 योजना का तुरंत लाभ उठाने की अपील
आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने संपत्ति एवं मानचित्र से संबंधित बकायेदारों को चेतावनी जारी करते हुए एकमुश्त समाधान योजना (OTS-2026) का लाभ उठाने की अपील की है। प्राधिकरण के सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं।
प्रदेश शासन के निर्देशानुसार चल रही OTS-2026 योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 21 मई 2026 को प्राधिकरण सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने बकाया वसूली की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों से फीडबैक लिया।
डोर-टू-डोर अभियान चलेगा, विशेष टीमें बनाई जाएंगी
बैठक में सचिव महोदय ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी बकायेदारों से सीधे संपर्क स्थापित किया जाए। उन्होंने डोर-टू-डोर अभियान चलाने के लिए विशेष टीमों के गठन के निर्देश दिए। जोनल अधिकारी और अवर अभियंता (जेई) संयुक्त टीम बनाकर फील्ड में निकलें तथा संपत्ति विभाग के लिपिक और रेंट कलेक्टर भी सक्रिय रूप से वसूली कार्य में लगें।
डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने कहा कि OTS-2026 योजना आमजन को राहत देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसलिए अधिक से अधिक बकायेदारों को इस योजना का लाभ दिलाया जाए।
लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
सचिव महोदय ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी वसूली कार्य में लापरवाही बरतता है या उदासीनता दिखाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि जो बकायेदार इस योजना का लाभ नहीं उठाएंगे, उनके विरुद्ध भविष्य में नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सचिव ने सभी आवंटियों और बकायेदारों से अपील की कि वे समय रहते योजना का लाभ लेकर अपनी बकाया राशि का निपटारा करें और अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई से बचें।
बैठक में मौजूद रहे
बैठक में संपत्ति अधिकारी रमेश चंद दुबे, सभी जोन के जोनल अधिकारी, अवर अभियंता तथा संपत्ति विभाग के लिपिक और रेंट कलेक्टर उपस्थित रहे।




