News

जम्मू तवी एक्सप्रेस में युवक की गोली मारकर हत्या, डीडीयू जंक्शन के पास सनसनी

चलती ट्रेन में सिर में मारी गोली, मौके पर हुई मौत; जीआरपी और रेलवे पुलिस जांच में जुटी

धर्मेंद्र कुमार, चन्दौली

 

 

~ सनसनीखेज हत्याकांड से दहला चंदौली, जम्मूतवी एक्सप्रेस में चलती ट्रेन में हत्या…

~ डीडीयू जंक्शन से निकलते ही युवक को मारी गोली

~ भोर में हुई वारदात से ट्रेन में मचा हड़कंप

~ मृतक की पहचान गया निवासी दिनेश साहू के रूप में

.

चन्दौली। जम्मू तवी एक्सप्रेस में रविवार देर रात हुई सनसनीखेज वारदात से चन्दौली और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) क्षेत्र में हड़कंप मच गया। डीडीयू जंक्शन से ट्रेन के लखनऊ की ओर रवाना होने के कुछ देर बाद चलती ट्रेन में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए।

जानकारी के अनुसार रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे ट्रेन में सवार एक युवक को अज्ञात हमलावर ने सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और ट्रेन में पहुंचकर जांच शुरू की गई।

मृतक की पहचान बिहार के गया निवासी दिनेश साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह ट्रेन से लखनऊ जा रहा था। हत्या की खबर मिलते ही जीआरपी रेलवे एसपी प्रशांत वर्मा, सीओ कुंवर प्रभात सिंह और जीआरपी प्रभारी सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने यात्रियों से पूछताछ की और कोच से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फोरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग जुटाए जा सकें। रेलवे पुलिस ट्रेन के यात्रियों और संदिग्ध लोगों की जानकारी खंगाल रही है।

जीआरपी एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि रात करीब 1:57 बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही हत्या की इस वारदात का खुलासा कर लिया जाएगा।

इस सनसनीखेज घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button