पत्नी के लापता होने पर पति ने पुलिस आयुक्त से लगाई गुहार, दो युवकों पर साथ ले जाने का आरोप
शिवपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज, कार्रवाई न होने का आरोप; पत्नी की सकुशल बरामदगी और आरोपियों से पूछताछ की मांग

वीरेंद्र पटेल, संवाददाता
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के क्षत्रीयपुर निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी के लापता होने के मामले में पुलिस आयुक्त से शिकायत करते हुए दो युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि उसकी पत्नी को दो युवक अपने साथ ले गए हैं और मामले में स्थानीय पुलिस द्वारा केवल गुमशुदगी दर्ज कर ली गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
शिकायतकर्ता मनोज कुमार ने पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका विवाह 25 मई 2025 को जौनपुर जनपद के केराकत थाना क्षेत्र स्थित मेढ़िया बराई निवासी शैजल के साथ हुआ था। विवाह के बाद पत्नी उसके घर आकर रहने लगी, लेकिन उसका व्यवहार सामान्य नहीं था और वह अक्सर मोबाइल फोन पर किसी न किसी से बातचीत करती रहती थी।
शिकायत के अनुसार, बृजेश कुमार निवासी मंगारी, नेवादा (थाना फूलपुर, वाराणसी) तथा राजू निवासी कठिरांव (थाना फूलपुर, वाराणसी) अक्सर उसकी पत्नी से मिलने उसके घर आया करते थे। आरोप है कि 29 जुलाई 2026 को बृजेश कुमार उसकी मां की मौजूदगी में उसकी पत्नी को अपने साथ ले गया। इसके बाद से पत्नी का कोई पता नहीं चल सका।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने बृजेश कुमार से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो उसे गाली-गलौज कर धमकाया गया। वहीं, उसकी पत्नी अपने मायके में भी नहीं है। ऐसे में उसे आशंका है कि दोनों युवक उसकी पत्नी के साथ कोई संगीन अपराध कर सकते हैं।
मनोज कुमार ने बताया कि उसने इस संबंध में शिवपुर थाने में लिखित शिकायत दी थी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे वह और उसका पूरा परिवार भय और चिंता में है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस आयुक्त से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों नामजद युवकों से हिरासत में लेकर पूछताछ कराई जाए, उसकी पत्नी की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित की जाए तथा तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के निर्देश शिवपुर थाना पुलिस को दिए जाएं।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा पुलिस आयुक्त को दिए गए प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में पुलिस अथवा आरोपित पक्ष का आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका है।




