Varanasi

वाराणसी में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, एक की मौत, पांच लोग गंभीर घायल

नीरज सिंह, वाराणसी

 

वाराणसी। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के बेलवा बाबा बाजार के पास शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सड़क किनारे खड़े ट्रक (संख्या UP-65 JT-8374) में तेज रफ्तार वैगनआर कार (संख्या BR-05 W-5834) ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही लालपुर पांडेयपुर थाना प्रभारी राजीव सिंह अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। कार में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

मृतक की पहचान अवध किशोर चौबे (65 वर्ष), पुत्र शिवशंकर चौबे, निवासी सब्या चरगहा, जनपद चंपारण, बेतिया (बिहार) के रूप में हुई है। हादसे में नीला चौबे (60 वर्ष), अमित कुमार (40 वर्ष), सौम्या चौबे (37 वर्ष), सादिका चौबे (10 वर्ष) और अनामिका चौबे (6 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल ट्रक और कार को कब्जे में ले लिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button