
Report: From desk
सीतापुर। सीतापुर में आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर आलोक श्रीवास्तव ने मंगलवार सुबह अपनी कार में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने कार लॉक कर कनपटी पर गोली चलाई, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिवार के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे एक महिला पूनम ने पुलिस को सौंपा। इस सुसाइड नोट के मिलने से मामला और उलझ गया है।
कैसे हुआ खुलासा?
परिजनों के मुताबिक, आलोक श्रीवास्तव बांदा में तैनात थे, जबकि उनकी पत्नी अमृता श्रीवास्तव भी वहीं सहायक आबकारी आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार सुबह 5 बजे आलोक श्रीवास्तव घर से निकले थे। दोपहर में उनके बेटे आयांक ने घर के पास कार खड़ी देखी, लेकिन कार अंदर से लॉक थी।
बेटे ने संदेह होने पर मिस्त्री को बुलाकर कार का लॉक खुलवाया। जैसे ही दरवाजा खुला, अंदर का मंजर देखकर सब सन्न रह गए। आलोक श्रीवास्तव खून से लथपथ सीट के नीचे गिरे पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुसाइड नोट से खुला नया राज
पुलिस को एक महिला पूनम ने सुसाइड नोट सौंपा है, जो अयोध्या से आई थी। पूनम का कहना है कि वह आलोक श्रीवास्तव और उनकी पत्नी को 5 साल से जानती हैं। उन्होंने बताया कि आलोक श्रीवास्तव की अयोध्या में 5 साल पोस्टिंग रही थी, और तब से उनका उनके परिवार से संपर्क था।
पूनम का कहना है कि वह अमृता श्रीवास्तव से मिलने आई थीं, लेकिन जब घर पहुंचीं, तो बच्चों ने बताया कि उनकी मां शाम को लौटेंगी। इस बीच, जब उन्होंने आलोक श्रीवास्तव के बारे में पूछा, तो बेटे ने कहा कि “पापा रास्ते में कहीं भी गाड़ी लगाकर दवा खा लेते हैं।” इसी दौरान पूनम और आलोक के बेटे ने थोड़ी दूर जाकर देखा तो कार खड़ी मिली। कार के अंदर ही सुसाइड नोट मिला, जिसे पूनम ने पुलिस को सौंप दिया।
क्या थी आत्महत्या की वजह?
फिलहाल, पुलिस यह जांच कर रही है कि आलोक श्रीवास्तव की आत्महत्या के पीछे निजी कारण थे या पेशेवर दबाव। पुलिस ने कार से रिवॉल्वर बरामद कर ली है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस और आबकारी विभाग जांच में जुटे
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या की असली वजह सामने आएगी। हालांकि, अब तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि मामले की गुत्थी सुलझाई जा सके।




