शादी में तमंचा लहराकर दूल्हे को पीटने वाला शातिर गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर मचाया था आतंक

रिपोर्ट: राहुल पटेल।
गाजीपुर। शादी समारोह में तमंचा लहराकर दूल्हे को पीटने और अफरातफरी मचाने वाला वांछित आरोपी आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। वायरल वीडियो से चर्चाओं में आए इस मामले में दिलदारनगर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। आरोपी के पास से तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।
फिल्मी अंदाज़ में की थी एंट्री, दूल्हा हो गया था बेहोश
यह सनसनीखेज घटना ग्राम जगदीशपुर रक्सहा की है, जहां ताजपुर मांझा (थाना जमानिया) निवासी विशाल (19) पुत्र लल्लन राम अपने साथियों संग एक शादी समारोह में ज़बरन घुस गया था। वहां उसने न सिर्फ गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि हाथ में तमंचा लेकर सोशल मीडिया के लिए वीडियो भी बनवाया। हंगामा इस कदर बढ़ा कि दूल्हा बेहोश होकर गिर पड़ा।
पुलिस के लिए बना था सिरदर्द, पहले से था वांछित
वायरल वीडियो के बाद पुलिस हरकत में आई। जांच में पता चला कि आरोपी विशाल पहले से ही केस नंबर 104/25 में बीएनएस की कई गंभीर धाराओं में वांछित था, जिनमें 191(2), 191(3), 115(2), 352, 351(3), 324(4), 110 बीएनएस शामिल हैं।
मुखबिर की सूचना पर तमंचे समेत पकड़ा गया
गिरफ्तारी की कार्रवाई बुधवार शाम की है, जब उपनिरीक्षक नंदलाल मिश्र अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। उसी दौरान सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त फुल्ली नहर पुलिया के पास देखा गया है। पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। उसकी तलाशी में एक देशी तमंचा 12 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
अब आर्म्स एक्ट में दर्ज हुआ नया मुकदमा
गिरफ्तारी के बाद आरोपी पर एक और मामला दर्ज हुआ है। दिलदारनगर थाने में केस नंबर 105/2025 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके साथियों की तलाश भी जारी है।




