ChandauliCrime

शादी से इनकार पर आशिक ने उठाया खौफनाक कदम, प्रेमिका को मारी गोली, फिर खुद भी दे दी जान

रिपोर्ट: रंधा सिंह

शादी से इनकार पर आशिक ने उठाया खौफनाक कदम, प्रेमिका को मारी गोली, फिर खुद भी दे दी जान

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में एकतरफा प्यार में पागल एक युवक ने अपनी प्रेमिका को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और बाद में खुद की भी गोली मार कर जान ले ली। घटना तब हुई जब युवती ने युवक से शादी करने से इनकार कर दिया। गोली लगने से घायल प्रेमिका को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

सरेराह पूछा ‘शादी करोगी?’, ‘ना’ सुनते ही चला दी गोली

घटना महमूदपुर नई बस्ती की है। जानकारी के अनुसार, मोहल्ले की रहने वाली एक 20 वर्षीय युवती का संजय सोनकर नामक युवक से प्रेम संबंध था। संजय फायर ब्रिगेड ऑफिस के पास फल की दुकान लगाता था। कुछ समय पहले युवती के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी, जिसके बाद उसने संजय से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। गुरुवार शाम जब युवती अपनी माँ के साथ घर लौट रही थी, तभी संजय ने उसे रास्ते में रोक लिया। उसने उससे पूछा कि वह उससे शादी करेगी या नहीं? युवती के इनकार करते ही उसने .32 बोर की पिस्टल से उस पर गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद संजय भागकर रामनगर स्थित अपनी बुआ के घर पहुँचा और वहाँ उसने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

एक ठेले पर फल बेचने वाले के पास पिस्टल कहाँ से आई? अवैध असलहों पर उठे सवाल…

घटना की सूचना मिलते ही चंदौली के एसपी आदित्य लांग्हे और एएसपी अनंत चंद्रशेखर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना ने एक और गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है। ठेले पर फल बेचकर गुजारा करने वाले एक आम युवक के पास .32 बोर की पिस्टल जैसा घातक हथियार कहाँ से आया? यह मामला शहर में अवैध असलहों की आसान पहुँच को भी उजागर करता है। आए दिन छोटे-मोटे विवादों में इस तरह के मनबढ़ लोगों द्वारा अवैध हथियारों का इस्तेमाल शहर की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा बन गया है। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इस नेटवर्क पर कब लगाम लगाता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button