Varanasi: कैंट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरजनपदीय वाहन चोरी गिरोह के दो शातिर चोर गिरफ्तार, पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

ख़बर भारत डेस्क
वाराणसी। अंतरजनपदीय वाहन चोरी गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वाराणसी कैंट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में स्प्लेंडर प्लस, अपाचे आरटीआर समेत अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं, जो थाना कैंट क्षेत्र में पूर्व में दर्ज विभिन्न मुकदमों से संबंधित बताई जा रही हैं।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के क्रम में की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त कैंट सर्किल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट की टीम ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान 19 दिसंबर की रात करीब 10:30 बजे छोटी कटिंग मैदान के पास, थाना कैंट क्षेत्र से दो संदिग्धों को दबोच लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पवन यादव (24 वर्ष) पुत्र पारस यादव और अभिषेक यादव (20 वर्ष) पुत्र रामचन्द्र यादव, निवासी हरिहरपुर धरहरा, थाना चौबेपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने वाहन चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर उनके खिलाफ थाना कैंट में दर्ज कई आपराधिक मामलों की पुष्टि भी हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुमित पाण्डेय, उपनिरीक्षक आकाश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार कुंतल, कांस्टेबल नागेन्द्र कुमार, कांस्टेबल प्रियंशु तिवारी एवं कांस्टेबल अनीत कुमार शामिल रहे।




