जाम के साथ छलका खून! शराब पार्टी में दोस्तों ने ही सीने में उतार दिया खंजर; क्षेत्र में फैली सनसनी
बड़ागांव थाना क्षेत्र में 24 घंटे में दूसरी बड़ी घटना, कल की गोलीबारी में एक युवक की हुई थी मौत

डेस्क- ख़बर भारत।
वाराणसी। के बड़ागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले हरहुआ में (शुक्रवार) को हुई एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ नशे की हालत में हुए मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। इदिलपुर गांव में दोस्तों के साथ शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में एक युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस चाकूबाजी की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना हरहुआ क्षेत्र के इदिलपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक एक सुनसान स्थान पर बैठकर मदिरापान (शराब पार्टी) कर रहे थे। शुरुआत में माहौल सामान्य था, लेकिन नशा चढ़ने के साथ ही किसी पुरानी बात को लेकर उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते यह कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से में आकर साथियों ने ही युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा।

अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी फरार
आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
बड़ा सवाल: आखिर पुलिस का इकबाल कहां है?
इस घटना ने इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर अपराधियों में खाकी का खौफ क्यों खत्म हो गया है?
सवाल इसलिए भी गंभीर है क्योंकि अभी कल ही इसी बड़ागांव थाना क्षेत्र में बदमाशों ने गोली मारकर एक 14 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी थी, और 24 घंटे बीतने से पहले ही आज यह दूसरी हत्या हो गई। आखिर लगातार हो रही इन वारदातों पर पुलिस लगाम क्यों नहीं लगा पा रही है?




