VaranasiNews

एक्शन मोड में सिगरा पुलिस: 12.50 लाख की सोने की चेन चोरी का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस, 74 ग्राम की सोने की चेन बरामद; DCP काशी ने पुलिस टीम को दिया ₹25 हजार का पुरस्कार

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

वाराणसी। सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में सिगरा पुलिस ने सोने की चेन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 74 ग्राम वजन की पीली धातु की सोने की चेन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले के खुलासे में पुलिस टीम की भूमिका की सराहना करते हुए DCP काशी की ओर से टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबूलाल चौरसिया पुत्र स्व. कन्हैया लाल चौरसिया, निवासी एस-128 अनौला हरिजन बस्ती, टकटकपुर, थाना कैंट, वाराणसी, उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 17 सितंबर 2026 को उसके घर से गिरफ्तार किया।

कैंट बस स्टैंड के पास कहासुनी के दौरान गायब हुई थी चेन

पुलिस के अनुसार घटना 10 सितंबर की रात की है। अविनाश प्रताप सिंह अपनी पत्नी और साथी फैजान के साथ पार्टी से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान कैंट बस स्टैंड के सामने पिलर नंबर 42 के पास मोटरसाइकिल सवार 3-4 लोगों से वाहन के शीशे से टकराने को लेकर कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते विवाद धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गया। इस दौरान अविनाश के साथी फैजान को चोट भी आई। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान अविनाश के गले में पहनी सोने की चेन टूटकर सड़क पर गिर गई, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठा लिया।

200 से ज्यादा CCTV फुटेज बनी अहम कड़ी

घटना की सूचना के बाद सिगरा पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर संदिग्ध व्यक्ति के घर तक के रास्ते में लगे 200 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज की बारीकी से जांच के दौरान गहरे भूरे रंग की शर्ट पहने एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर उसकी पहचान बाबूलाल चौरसिया के रूप में की।

पुलिस टीम ने उसके घर पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से चोरी गई करीब 74 ग्राम वजन की सोने की चेन भी बरामद कर ली गई।

आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार बाबूलाल चौरसिया के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना कैंट और जीआरपी प्रयागराज में चोरी, लूट, बरामदगी और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक कैंट थाने में वर्ष 2025 का एक मामला और जीआरपी प्रयागराज में वर्ष 2023 के कई मुकदमे दर्ज हैं।

शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में टीम ने किया खुलासा

चेन चोरी के मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक प्रशान्त बन्धु, मुख्य आरक्षी जितेन्द्र सिंह, आरक्षी नीरज मौर्या, आरक्षी नीलेश, रिजर्व महिला आरक्षी शिवानी सिंह तथा सर्विलांस सेल के आरक्षी अश्वनी सिंह शामिल रहे।

पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंचकर चोरी की गई सोने की चेन बरामद करने में टीम को सफलता मिली। पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए DCP काशी की ओर से 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button