सैदपुर: जी बी इंटरनेशनल स्कूल में एनुअल स्पोर्ट्स मीट का भव्य समापन, सीओ और ओलंपियन राजकुमार पाल ने विजेताओं को बांटे पदक
सीओ डॉ. राम कृष्ण त्रिपाठी बोले- प्राथमिक शिक्षा ही जीवन की नींव; हॉकी स्टार ने छात्रों को सिखाया परिश्रम और अनुशासन का पाठ

रिपोर्ट: आकाश पाण्डेय।
सैदपुर/गाजीपुर | जी बी इंटरनेशनल स्कूल में चल रहे दो दिवसीय ‘एनुअल स्पोर्ट्स मीट’ का शनिवार को रंगारंग कार्यक्रमों और आतिशबाजी के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सैदपुर के क्षेत्राधिकारी (CO) डॉ. राम कृष्ण त्रिपाठी और पेरिस ओलंपिक के पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल मौजूद रहे। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत नृत्य की प्रस्तुति के साथ हुई, जिसने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
अपने सख्त और सुदृढ़ कार्यशैली के लिए प्रसिद्ध क्षेत्राधिकारी डॉ. राम कृष्ण त्रिपाठी ने खिलाडियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कबड्डी और खो-खो की विजेता टीमों को शील्ड और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में सीओ ने कहा कि व्यक्ति के जीवन में प्राथमिक शिक्षा का महत्व सर्वाधिक है। उन्होंने स्कूल के इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों के प्रदर्शन में यहां के अध्यापकों का परिश्रम साफ दिखाई देता है। वहीं, ओलंपियन राजकुमार पाल ने टग ऑफ वार, ‘खतरों के खिलाड़ी’ और हर्डल रेस की विजेता टीमों को शील्ड प्रदान की। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, “मैं भी विद्यार्थी जीवन में मेडल मिलने पर बहुत खुश होता था, आज वही खुशी मैं आप सबकी आंखों में देख पा रहा हूं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि परिश्रम, लगन और अनुशासन से ही जीवन की सर्वोच्च उपलब्धि हासिल की जा सकती है।
पुरस्कार वितरण के क्रम में रिले रेस, 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर स्प्रिंट, बलून बैलेंसिंग, लेग टाई रेस और सैक रेस के विजेताओं को अतिथियों ने गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इसके अलावा, सैदपुर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुभाष चंद्र सोनकर और उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष विकास बरनवाल ने कराटे चैंपियनशिप के विजेताओं को पदक प्रदान किए। कार्यक्रम का समापन शानदार आतिशबाजी और स्पोर्ट्स मीट के बैनर लगे गुब्बारों को आसमान में छोड़कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सौम्य प्रकाश बरनवाल ने अतिथियों को अंगवस्त्र और निदेशक प्रियंका बरनवाल ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ए.के. बर्तरिया ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से देवेंद्र जायसवाल, अनिकेत सिंह, मार्कण्डेय चौहान, नरेंद्र पाठक, विजय यादव, अर्जुन चौधरी, आकाश बरनवाल, आकाश पांडेय, मेहताब खान, मनीष जायसवाल और अभय चौहान सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और शिक्षक मौजूद रहे।




